अपराधउत्तराखंड

नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप

शादी के महज तीन महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मृतका कहकशा आलम का निकाह 19 नवंबर 2025 को देहरादून के रिस्पना नगर निवासी शहबाज आलम के साथ हुआ था। मृतका के भाई सलमान आसिफ, निवासी रुद्रप्रयाग, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शादी के समय उनकी ओर से ससुराल पक्ष की मांग के अनुसार दान-दहेज दिया गया था। इसके बावजूद शादी के बाद से ही उनकी बहन को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।

परिजनों का आरोप है कि 18 फरवरी 2026 को कहकशा ने फोन कर बताया था कि ससुराल पक्ष प्लॉट खरीदने के लिए 50 लाख रुपये की मांग कर रहा है। इसके बाद 3 मार्च की रात करीब 11 बजे भी उसने फोन कर बताया कि पति, सास, ससुर, देवर और ननद उस पर पैसे लाने का दबाव बना रहे हैं।

परिजनों के अनुसार, देर रात करीब 1:30 बजे मृतका के ससुर यासीन का फोन आया कि कहकशा की तबीयत खराब हो गई है। सूचना मिलने पर परिवार देहरादून पहुंचा, जहां अस्पताल में पता चला कि महिला को ससुराल पक्ष मृत अवस्था में लेकर आया था।

मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि पति शहबाज, सास खुशनुदा, ससुर यासीन, देवर सरताज और ननद शबनम ने दहेज के लालच में कहकशा की हत्या कर दी।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button